मवेशियों को बचाते हुए अनियंत्रित हुई बाइक, दो युवकों की मौत

HNN / कुल्लू

जिला कुल्लू के शमशी में बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो युवकों की मौत हो गई है। मृतकों की शिनाख्‍त ट्विंकल ठाकुर उर्फ सन्‍नी पुत्र नारायण चंद्र शास्त्री नगर कुल्लू व अमन कुमार पुत्र स्वर्गीय नील कुमार निवासी लंका बेकर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बाइक एचपी 34 डी 8062 शमशी के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक पर दो युवक सवार थे। बताया जा रहा है बेसहारा पशुओं को बचाते हुए यह हादसा हुआ है।

हादसा होने के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। स्‍थानीय लोगों व पुलिस ने दोनों युवकों को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया , जहां पर चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, आसपास के लोगों ने बताया कि बेसहारा पशुओं को बचाने के कारण यह हादसा हुआ है।