महाकुंभ में संगड़ाह की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
प्रयागराज यात्रा के दौरान बिगड़ी तबीयत , अस्पताल में हुई मृत्यु
संगड़ाह । सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल के रजाणा गांव की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हेमलता उर्फ बबली (38) का प्रयागराज महाकुंभ में दुखद निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
धार्मिक यात्रा के दौरान बिगड़ी तबीयत
हेमलता बाल विकास परियोजना संगड़ाह के रजाणा गांव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं। कुछ दिन पहले वह अपने पति और कुछ परिचितों के साथ धार्मिक यात्रा पर प्रयागराज गई थीं। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उनके अचानक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।