महाराष्ट्र में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर, 2 जवान घायल
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के वंडोली गांव के पास सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए हैं। नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। उनके पास से एके 47 समेत कई आटोमेटिक हथियार बरामद हुए है।
इस मुठभेड़ में 2 जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से लगे महाराष्ट्र् के गढ़चिरौली में हुई है। बुधवार सुबह 10 बजे गढ़चिरौली से एक ऑपरेशन लॉन्च किया गया, जिसमें 7 सी 60 टीमों को छत्तीसगढ़ सीमा के पास वंडोली गांव में तैनात किया गया।
सूचना मिली थी कि गांव के पास 12-15 नक्सली डेरा जमाए हुए हैं। दोपहर में भारी गोलीबारी शुरू हुई और देर शाम तक 6 घंटे से अधिक समय तक जारी रही। इलाके में सर्च ऑपरेशन में अब तक 12 नक्सलियों के शव मिल चुके हैं।
अब तक 3 एके47, 2 आईएनएसएएस, 1 कार्बाइन, 1एसएलआर समेत 7 स्वचालित हथियार जब्त किए गए हैं। इस बीच महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मैं राज्य सरकार की ओर से गढ़चिरौली पुलिस को 51 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा करता हूं।