महाविद्यालय चौकीमन्यार में एनएसएस इकाई द्वारा सात दिवसीय शिविर का किया गया आयोजन
HNN/ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप-तहसील जोल के अन्तर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्राम पंचायत अम्बेहडा से हाल ही में बने लेफ्टिनेंट विशाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उनके साथ चौकीमन्यार पंचायत प्रधान संजय कुमार, महाविद्यालय के पीटीए अध्यक्ष सुरेश व अन्य गणमान्य लोग भी इस सात दिवसीय शिविर के शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई एवं उसके पश्चात स्वयंसेवियों ने स्वागत गीत के साथ आए हुए गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। इसके उपरांत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई गीत भी प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय सेवा इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। सात दिवसीय विशेष शिविर में स्वयंसेवियों द्वारा किए जाने वाले विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट विशाल शर्मा ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सब इस समाज का हिस्सा है और समाज का हिस्सा होने के नाते हमारा यह कर्तव्य है कि समाज के प्रति हमारे मन में संवेदना हो ताकि समाज के लिए जब भी किसी प्रकार सेवा की आवश्यकता हो, तो उसके लिए हम सब सामूहिक रूप से उसे कार्य में लगे एवं राष्ट्र की उन्नति में अपना योगदान दें।
उन्होंने समाज के प्रति संवेदना रखना और सामाजिक कार्यों को समूह में करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि विशाल शर्मा ने विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य प्राध्यापक कविता कौशल ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को महाविद्यालय का स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका धन्यवाद किया।