Loading...

महाविद्यालय चौकीमन्यार में एनएसएस इकाई के चौथे दिन विभिन्न गतिविधियों का हुआ आयोजन

By PARUL Published: 26 Dec 2023, 11:11 AM | Updated: 26 Dec 2023, 11:11 AM 1 min read

HNN/ऊना/वीरेंद्र बन्याल

जिला ऊना में उपतहसील जोल के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिवर का चौथे दिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविर के चौथे दिन का शुभारंभ परमपिता परमात्मा की स्तुति, आज का विचार तथा समाचार वाचन से हुआ। शिविर के बौद्धिक सत्र में वशिष्ठ अतिथि के रूप में एसवीएन चौकीमन्यार स्कूल के प्रधानाचार्य जगदीश चंद धीमान एवं मुख्यातिथि के रूप में महालक्ष्मी इंडस्ट्री अम्बेहडा के उद्योगपति एवं समाजसेवी योगराज जोगी सम्मिलित हुए।

एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य जगदीश चंद धीमान ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की पूंजी उस देश का धन एवं सोना नहीं होता है , बल्कि उस देश की नौजवान पीढ़ी होती है। उन्होंने नौजवान पीढ़ी को संबोधित करते हुए कहा कि विदेशी ताकतों के द्वारा इस देश की नौजवान पीढ़ी को दिशा भ्रमित करने के प्रयास चल रहे हैं, अतः ऐसी देश विरोधी ताकतों से सावधान रहना है।

दोपहर के सत्र में महालक्ष्मी इंडस्ट्री अंबेहडा के उद्योगपति एवं समाजसेवी योगराज जोगी ने बच्चों के साथ अपना अनुभव सांझा करते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र आपकी अपने कार्य के प्रति मेहनत का जज्बा एवं श्रद्धा है। आप अपने कार्य के प्रति कितनी श्रद्धा से काम करते हैं। भावना आपको सफलता की ऊंचाई पर ले जाती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक कैसे राष्ट्र के प्रति अपनी भूमिका निर्वाह कर सकते हैं।

उन्होंने स्वयंसेवकों से अपील की है कि इस सात दिवसीय विशेष शिविर में उन्हें जो भी कार्य करने को कहा जाए वह उसे पूरे मन से करें और अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाएं। इस सात दिवसीय विशेष शिविर में आपके व्यक्तित्व का विकास होगा और आप अच्छे समाजसेवी के रूप में बनकर उभरेंगे। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों को इस सात दिवसीय शिविर में पंजीकरण करने की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के सहायक आचार्य प्रोफेसर नवीन शर्मा एवं लिपिक दिनेश ठाकुर ने उपस्थित वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट करके उनका धन्यवाद किया।