Loading...

महिलाएं छपरोह में जूट उत्पाद निर्माण का कौशल रहीं हैं सीख

PRIYANKA THAKUR 30 Mar 2026 Edited 30 Mar 1 min read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

ऊना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं ने जूट उत्पाद निर्माण का कौशल सीखा और आकर्षक वस्तुएं तैयार कीं। यह पहल उन्हें आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने में सहायक साबित हो रही है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं में उद्यमिता की भावना को भी बढ़ावा मिला है।

ऊना

उप-मंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत छपरोह में पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), ऊना द्वारा उद्यमिता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित 14 दिवसीय बेसिक्स ऑफ जूट प्रोडक्ट मेकिंग प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थियों ने जूट से आकर्षक एवं उपयोगी उत्पाद तैयार करने का हुनर सीखकर अपनी रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने जूट से विभिन्न प्रकार के बैग, खिलौने, आभूषण एवं डेकोरेटिव आइटम तैयार किए। जूट उत्पादों की बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए यह प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भरता, छोटे उद्योगों की स्थापना और स्वरोजगार की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए पीएनबी आरसेटी ऊना के कार्यक्रम संचालक एवं संकाय सदस्य आकाश भारद्वाज ने बताया कि इस प्रशिक्षण में कुल 25 प्रतिभागी शामिल हैं, जिनमें से अधिकांश महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण न केवल कौशल वृद्धि में सहायक सिद्ध होते हैं, बल्कि महिलाओं में उद्यमिता की भावना विकसित कर उन्हें अपना स्वयं का छोटा उद्योग शुरू करने के लिए प्रेरित भी करते हैं।इस अवसर पर पूर्व ग्राम पंचायत उप प्रधान गौरी देवी, मास्टर ट्रेनर भोली देवी, मंजू देवी सहित अन्य सम्मानित उपस्थितजन भी मौजूद रहे।