महिला का फेक फेसबुक अकाउंट बनाकर किया गलत इस्तेमाल, पुलिस ने….
HNN/ राजगढ़
जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ में एक महिला का फेक फेसबुक अकाउंट बनाकर उसका गलत इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की भी पहचान कर ली है। बता दें 9 जनवरी को महिला ने इस बाबत पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई थी।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि काफी दिनों से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका फेक फेसबुक अकाउंट बनाया और उसके फोटो भी अपलोड किए थे। इतना ही नहीं अज्ञात व्यक्ति ने महिला को अश्लील मैसेज भी भेजें और अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया।
इसके अलावा आरोपी ने उसके दोस्तों और रिश्तेदारों को भी फेसबुक पर अश्लील मैसेज भेजें। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की और राजगढ़ में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ झूठी फेसबुक आईडी बनाने और उसका गलत तौर पर प्रयोग करने के आरोप में धारा 67 प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (आईटी एक्ट-2000) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।