महिला का रास्ता रोककर व्यक्ति ने छेड़छाड़ का प्रयास, मामला दर्ज
HNN/चंबा
जिला चंबा के पुलिस थाना तीसा में एक महिला ने व्यक्ति पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, विधानसभा क्षेत्र चुराह के पुख्तला में एक महिला शाम के समय जंगल से सूखी लकड़ी लाने गई थी। इस दौरान रास्ते में एक व्यक्ति ने उसका रास्ता रोका और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान उसने महिला के साथ हाथापाई भी की।
जिसके बाद महिला ने खुद को व्यक्ति के चंगुल से छुड़ाया और वहां से भाग गई। जिसके बाद महिला ने पुलिस थाना तीसा में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को थाने में तलब होने के आदेश जारी कर दिए हैं। दोनों पक्षों को सामने बैठाकर मामले की जांच की जाएगी।