मांगें पूरी न होने पर भड़की रेणुका बांध विस्थापित संघर्ष समिति,रोका काम
150 हाउसलैस परिवारों की सूची जारी करने को 20 दिन का अल्टीमेटम
हिमाचल नाऊ न्यूज, नाहन
रेणुका बांध विस्थापित संघर्ष समिति ने सोमवार को टनल स्थल पर पहुंचकर रेणुका जी बांध परियोजना का निर्माण कार्य रुकवा दिया।समिति पदाधिकारियों और विस्थापितों ने डैम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।निर्माण स्थल पर प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए काम बाधित रहा।
समिति अध्यक्ष विजय ठाकुर, संयोजक विनोद ठाकुर और प्रेस सचिव योगी ठाकुर ने कहा कि यदि 20 दिन के भीतर 150 हाउसलैस परिवारों की सूची सार्वजनिक नहीं की गई तो वे दोबारा निर्माण कार्य बंद करने को मजबूर होंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से विस्थापित परिवार सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
समिति ने यह भी कहा कि जिन छह परिवारों को घर खाली करने के नोटिस जारी किए गए हैं, उनका पहले उचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए।जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, परिवार अपने घर नहीं छोड़ेंगे।
समिति ने इन परिवारों के साथ खड़े रहने की घोषणा की।इससे पूर्व बांध स्थल पर बैठक आयोजित कर विस्थापन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।बैठक के बाद विस्थापितों ने कार्य रुकवाकर विरोध दर्ज कराया।
समिति पदाधिकारियों ने परियोजना के नए एजीएम अरुण कपूर से मुलाकात कर विस्थापन प्रक्रिया पर विस्तार से बात की।योगी ठाकुर ने बताया कि प्रबंधन ने 20 दिन के भीतर 150 परिवारों की सूची सार्वजनिक करने का आश्वासन दिया है।
साथ ही छह परिवारों को दिए गए 30 दिन के नोटिस के संदर्भ में उचित पुनर्वास प्रक्रिया अपनाने की बात भी कही गई।इससे पूर्व ददाहू बाजार में भी विस्थापितों ने रैली निकालकर अपना रोष जताया।प्रदर्शन के दौरान महासचिव शुभम अत्री, सतपाल तोमर, पूरन सिंह, राकेश, हरनाम, कमल और भानु शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।