मां, दादी और बहनें कर रही थी प्रवीण की शादी की तैयारी
जम्मू कश्मीर से आई बेटे की शहादत की खबर, मातम में बदल गया शादी के घर का माहौल
HNN/ नाहन
जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में पिछले दो दिनों से चल रहे ऑपरेशन रक्षक में जिला सिरमौर के सपूत प्रवीण शर्मा ने अपना बलिदान देश रक्षा में दे दिया। बेटे की शहादत की खबर सुनते ही मां, दादी और बहनें बेसुदा हालत में रो-रो कर बुरा हाल है। अनंतनाग में आतंकियों की मुठभेड़ में शहीद हुए प्रवीण शर्मा की शादी की तैयारी में परिवार लगा हुआ था।
ग्राम पंचायत हाबन के उपप्रधान एवं परिवार सदस्य देवराज शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार दो माह बाद 6, 7 व 8 अक्टूबर को प्रवीण शर्मा की शादी थी। लांस नायक प्रवीण शर्मा का रिश्ता 3 साल पहले नारग क्षेत्र में लगा हुआ था। प्रवीण शर्मा की दादी चंपा देवी, माता रेखा शर्मा, बहन पूजा और आरती इकलौते भाई की शादी की तैयारी में लगी हुई थी।
पूरा परिवार भी बेटी की शादियों की तैयारी कर रहा था। मगर परिजनों को क्या मालूम था कि बेटे की शादी की जगह उसकी पर्थिव देह को अंतिम विदाई देनी पड़ेगी। शनिवार रात को ही सेना के अधिकारियों ने प्रवीण शर्मा के पिता राजेश शर्मा को उनकी शहादत की खबर दी। उसके बाद से गांव तथा राजगढ़ क्षेत्र में गमगीन माहौल हो गया।
30 वर्षीय प्रवीण शर्मा का रिश्ता 3 वर्ष पहले लग चुका था। मगर पहले उसने दोनों बहनों की शादी करवाने का निर्णय लिया। उसके बाद फिर अपनी शादी करने के लिए वह तैयार हुआ। प्रवीण शर्मा के माता-पिता के साथ-साथ बुजुर्ग दादी भी पोते की शहादत की खबर सुन बेसुध हो गई है। युवा जवान की मौत से राजगढ़ उपमंडल में हर कोई गम में डूबा हआ है। इन दिनों प्रवीण शर्मा के घर में नए मकान का कार्य भी चला हुआ था, जो की शादी से पहले पूरा किया जाना था।