Loading...

सिरमौर / माजरा थाना क्षेत्र के कुंडियों गांव में किन्नर समुदाय के दो गुटों में मारपीट, मारपीट और धमकी के अन्य मामले भी दर्ज..

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 14 Mar 2026, 6:16 PM | Updated: 14 Mar 2026, 6:31 PM 1 min read

कुंडियों गांव में बधाई मांगने को लेकर किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद हो गया, जिसमें दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा पांवटा साहिब और नाहन क्षेत्र में भी मारपीट और धमकी से जुड़े अन्य मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।

सिरमौर / पांवटा साहिब/माजरा

कुंडियों गांव में किन्नर समुदाय के दो गुटों में भिड़ंत

पांवटा साहिब उपमंडल के कुंडियों गांव में बधाई मांगने को लेकर किन्नर समुदाय के दो गुट आमने-सामने आ गए। जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष गांव में पारंपरिक रूप से बधाई मांगने पहुंचे थे, इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

शिकायतकर्ता जोया महन्त निवासी गुज्जर कॉलोनी बद्रीपुर ने बताया कि वह अपनी साथियों आशा, नैना और शिवानी के साथ गांव कुंडियों में बधाई मांगने गई थी। इसी दौरान राजकुमारी उर्फ नर्गिस अपने साथियों समीर खान और खुशी उर्फ जानी के साथ वहां पहुंची और कथित रूप से गाली-गलौच करते हुए डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में शिकायतकर्ता को बाजू, टांग और कमर में चोटें आईं।

वहीं, दूसरे पक्ष की राज कुमारी निवासी वार्ड नंबर 09 देवीनगर पांवटा साहिब ने बताया कि वह अपने साथी खुशी और चालक समीर के साथ गांव में बधाई लेने पहुंची थी। वहां पहले से मौजूद जोया, नैना, आशा और शिवानी के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान जोया ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे पेट, छाती और टांगों में चोटें आईं। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया है और यह मामला पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

बातामंडी में मारपीट और धमकी का मामला

पुलिस थाना पांवटा साहिब में दर्ज एक अन्य मामले में ऋषभ चौधरी पुत्र चन्द्रशेखर निवासी गांव घुतनपुर, डाकघर बातामंडी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार सुरेश निवासी भुपपुर, निटू निवासी किशनपुरा, बन्टी निवासी अजीवाला और उनके साथ कुछ अन्य युवकों ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नाहन में भी मारपीट और धमकी का केस दर्ज

पुलिस थाना नाहन में दर्ज शिकायत के अनुसार माधवी चौहान निवासी मोहल्ला नया बाजार नाहन ने आरोप लगाया कि फैमिली कोर्ट नंबर 2 नाहन में तलाक मामले की सुनवाई के बाद राहुल चुग ने गाली-गलौच करते हुए हाथापाई की, रास्ता रोका और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।