माता चिंतपूर्णी से राजस्थान के खाटू श्याम के लिए जल्द शुरू होगी एचआरटीसी बस सुविधा
HNN/ ऊना
जिला ऊना में माता चिंतपूर्णी से राजस्थान के खाटू श्याम के लिए बस सुविधा शुरू करने के लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है। प्रस्ताव तैयार कर आरटीओ ऊना के माध्यम से शिमला भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद बस संचालन के लिए एचआरटीसी आगामी कार्यवाही शुरू कर देगा।
इस बस सेवा के शुरू होने से जहां खाटूश्याम में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा, वहीं परिवहन विभाग को भी इस रूट से मुनाफा होगा। यह बस अपने गंतव्य से आवागमन करने में 1,500 किलोमीटर से भी अधिक लंबा सफर तय करेगी।
बस चिंतपूर्णी से चलेगी और अंब, ऊना, हरोली, गोंदपुर जयचंद, झुंग्गी, खेड़ा, कलमा मोड़ से होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद बस नरवाणा से होते हुए हिसार से आगे खाटू श्याम मंदिर सीकर राजस्थान तक जाएगी। बस सुविधा के लिए यात्री ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों प्रकार से बुकिंग करवा सकेंगे।