माता-पिता के साथ समय बिताने को लेकर असम सरकार देगी छुट्टी
जिनके माता-पिता अथवा सास-ससुर नहीं उन्हें नहीं मिलेगी यह छुट्टी…
देश में असम राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों को माता-पिता अथवा सास-ससुर के साथ समय बिताने के लिए नवंबर माह में दो दिनों की स्पेशल छुट्टी देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के द्वारा गुरुवार को जारी अधिसूचना में कहा कि विशेष छुट्टी को अपने मनोरंजन के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता और जिन कर्मचारियों के माता-पिता या सास-ससुर नहीं है उन्हें छुट्टियां नहीं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ऑफिस की ओर से ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा गया, ‘मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम सरकार ने 6 और 8 नवंबर 2024 को राज्य सरकार के कर्मचारियों को उनके माता-पिता या सास-ससुर के साथ समय बिताने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश देने की घोषणा की है।
छुट्टियों का इस्तेमाल केवल बुजुर्ग माता-पिता या सास-ससुर के साथ समय बिताने के लिए किया जाएगा न कि निजी मनोरंजन के लिए, ताकि उनका सम्मान किया जाए। साथ ही उनकी देखभाल की जा सके। मुख्यमंत्री ऑफिस ने कहा कि सात नवंबर को छठ पूजा, नौ नवंबर को दूसरे शनिवार की छुट्टी और 10 नवंबर को रविवार की छुट्टी के साथ ही इन छुट्टियों को लिया जा सकता है।