मातृ-शिशु अस्पताल को सीवरेज लाइन से जोड़ने के लिए डीपीआर का काम शुरू

By PARUL Published: 15 Sep 2024, 11:22 AM | Updated: 15 Sep 2024, 11:23 AM 1 min read

HNN/ऊना

मातृ-शिशु अस्पताल और क्रिटिकल केयर ब्लॉक को सीवरेज लाइन से जोड़ने के लिए कार्य शुरू हो गया है। इसे लेकर संबंधित विभाग की तरफ से डीपीआर तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने इसे लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से मातृ-शिशु अस्पताल के लंबित काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

जिला मुख्यालय में करोड़ों की लागत से बने मातृ-शिशु अस्पताल को सीवरेज लाइन से जोड़ने के लिए कवायद शुरू हो गई है। इसे लेकर सितंबर के अंत तक डीपीआर तैयार कर ली जाएगी। इसी कड़ी में निर्माणाधीन (सीसीबी) क्रिटिकल केयर ब्लॉक को भी उक्त लाइन से जोड़ा जाएगा। बता दें कि इसे लेकर सेप्टिक टैंक की सफाई का झंझट भी समाप्त हो जाएगा।

इस सीवरेज लाइन को शहर में स्थापित किए गए एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) के साथ भी जोड़ा जाएगा, ताकि पर्यावरण को दूषित होने से बचाया जा सके। इसे लेकर उपायुक्त ऊना से जल शक्ति विभाग से अस्पताल प्रबंधन को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं। शहर को सुचारू सीवरेज व्यवस्था के लिए दो एसटीपी टैंक बनाए गए हैं। रामपुर में 2.53 एमएलडी और चंद्रलोक कॉलोनी में 0.65 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट है।

इसके अलावा क्षेत्रीय अस्पताल और मातृ-शिशु अस्पताल में मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने व विभिन्न प्रकार से नए उपकरण स्थापित करने के लिए उपायुक्त जतिन लाल ने अस्पताल प्रबंधन से सुझाव भी मांगें हैं, ताकि पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी तक हर स्तर पर मरीजों को कम समय में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।