Loading...

मामा के घर में चोरी कर फरार हुआ नशेड़ी युवक, लाखों के गहने ले गया साथ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Jun 2025 • 1 Min Read

मंडी

चोरी की वारदात में परिवार को शक है कि नशे की लत के चलते भांजे ने उठाया यह कदम

चोरी की घटना
मंडी जिले के बल्ह थाना क्षेत्र के गांव चतरौर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही मामा के घर से लाखों रुपये के गहनों की चोरी कर ली। इस मामले की शिकायत पुलिस थाना बल्ह में दर्ज करवाई गई है।

घर लौटे तो टूटा मिला ताला
पीड़िता हुरमति देवी ने बताया कि शनिवार को पूरा परिवार किसी निजी काम से बाहर गया हुआ था। जब वे देर शाम लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो बैडरूम की अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और उसमें रखे गहने गायब थे।

1.15 लाख के गहनों की चोरी
चोरी हुए गहनों में सोने का मंगलसूत्र, झुमके, नथ, टीका, चाक और अंगूठी शामिल हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 1.15 लाख रुपये बताई जा रही है।

भांजे पर शक, नशे का है आदी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका भांजा अनिल नशे का आदी है और चिट्टे जैसे मादक पदार्थों का सेवन करता है। घटना के बाद से ही वह फरार है, जिससे शक और भी गहरा गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच
डीएसपी हैडक्वार्टर दिनेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं है।