Loading...

मिल्कफेड ने बढ़ाए अपने उत्पादों के दाम , एक किलो घी का पाउच अब 750 रुपये में मिलेगा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Jun 2025 • 1 Min Read

शिमला

1 जून से लागू हुईं नई दरें, दूध खरीद मूल्य बढ़ने के बाद बढ़ा उत्पादन

घी, बटर और खोया हुए महंगे
हिमाचल प्रदेश में मिल्कफेड (राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड) ने अपने सभी दुग्ध उत्पादों की कीमतें बढ़ा दी हैं। अब एक किलो घी का पाउच 750 रुपये का मिलेगा, जो पहले 700 रुपये में उपलब्ध था। वहीं, टिन पैकिंग में घी की कीमत 760 रुपये तय की गई है। बटर की कीमत 290 रुपये से बढ़कर 310 रुपये और खोया की कीमत 700 रुपये से बढ़कर 750 रुपये प्रति किलो हो गई है।

1 जून से पूरे प्रदेश में लागू हुईं नई दरें
मिल्कफेड द्वारा लागू की गई ये नई दरें 1 जून से पूरे प्रदेश में प्रभावी हो चुकी हैं। इससे पहले मई 2023 में मिल्कफेड ने अपने उत्पादों के दामों में आखिरी बार संशोधन किया था। इस बार की वृद्धि के पीछे लागत में इजाफा और उत्पादन में तेजी बताई जा रही है।

दूध खरीद मूल्य बढ़ने से जुड़ रहे नए उत्पादक
मिल्कफेड द्वारा अप्रैल से दूध खरीद मूल्य में की गई बढ़ोतरी के बाद प्रदेशभर की दुग्ध समितियों से बड़ी संख्या में किसान और उत्पादक जुड़ रहे हैं। इससे न केवल दुग्ध उत्पादन बढ़ा है, बल्कि उत्पादों की खपत भी बढ़ी है। शिमला स्थित मिल्कफेड की वरिष्ठ प्रबंधक प्रीति आर्य ने पुष्टि की कि बढ़ी हुई कीमतें 1 जून से लागू हो गई हैं।

पिछले वर्ष भी मई में हुए थे दामों में बदलाव
मिल्कफेड ने इससे पहले पिछले साल 20 मई को अपने उत्पादों के दाम बढ़ाए थे। लगातार बढ़ती लागत और कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए यह कदम दोबारा उठाया गया है। इससे मिल्कफेड के उत्पादों की बाजार में कीमतें अन्य ब्रांड्स के समकक्ष पहुंच गई हैं।