मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखना बंद करें रेणुका के कांग्रेसी विधायक विनय कुमार- भाजपा

HNN / नाहन

सिरमौर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष एवं रेणुका के वरिष्ठ भाजपा नेता बलबीर सिंह चौहान तथा भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को संयुक्त बयान जारी करते हुए कांग्रेसी विधायक विनय कुमार के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें जिसमें उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल की चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इन दोनों नेताओं ने कांग्रेसी विधायक विनय कुमार से सवाल करते हुए पूछा है कि कांग्रेस पार्टी किसके नेतृत्व में यह चारों उप चुनाव लड़ रही है। इन्होने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के पास ना कोई नेता है और ना ही कोई नेतृत्व।

कांग्रेस पार्टी के नेता अपनी डफली अपना राग अलाप रही है। इन दोनों नेताओं ने कांग्रेस पार्टी को बिना दूल्हे की बारात भी बताया। विनय कुमार ने अपने बयान में यह भी कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार रोजगार देने में विफल रही है और भ्रष्टाचार भी चरम सीमा पर है। इन नेताओं ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि हम कांग्रेसी विधायक विनय कुमार को बताना चाहते हैं कि विभिन्न विभागों में हजारों नियुक्तियां हो रही है और इन चार वर्षों में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी है।

इन दोनों नेताओं ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रदेश का चहुमुखी विकास करवा रही है और भाजपा विकास के दम पर चारों उप चुनाव जीतेगी और कांग्रेस पार्टी को इस उपचुनाव में मुंह की खानी पड़ेगी। प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है कि देश व प्रदेश का विकास कौन कर रहा है। इन नेताओं ने कहा है कि आज अंतिम पंक्ति में बैठा व्यक्ति भी सरकार की योजनाओं का लाभ उठा रहा है जो कांग्रेस पार्टी के नेताओं को रास नहीं आ रहा है।


Posted

in

,

by

Tags: