देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश फोरेस्ट टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छह स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक हासिल किए। इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने टीम को बधाई दी है।
शिमला
टीम का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, 42 टीमों में से समग्र 10वां स्थान
12 से 16 नवंबर तक चले इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर की कुल 42 टीमों ने भाग लिया। हिमाचल फोरेस्ट टीम ने न केवल शानदार खेल प्रतिभा दिखाई, बल्कि समग्र श्रेणी में 10वां स्थान और मार्च-पास्ट प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का मान बढ़ाया। अधिकारियों ने बताया कि यह अब तक प्रतियोगिता में हिमाचल फोरेस्ट टीम का सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन है।
मुख्यमंत्री ने टीम की मेहनत और समर्पण की सराहना की
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कर्मचारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और अपनी मेहनत व समर्पण से राज्य को नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है, जिससे भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

