मुर्गीखाने में अवैध रूप से रखी शराब की बोतलें बरामद, मामला दर्ज
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के पुलिस चौकी थुरल के अंतर्गत ग्राम पंचायत सन्हूं में पुलिस ने एक गोशाला के अंदर बनाए गए मुर्गीखाने में अवैध रूप से रखी शराब की बोतलें बरामद की है। आरोपी की पहचान कुलवंत सिंह पुत्र ठाकुर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सन्हूं में एक व्यक्ति अवैध शराब का धंधा करता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
इस दौरान जांच पड़ताल करने पर कुलवंत सिंह की गोशाला के अंदर बनाए गए मुर्गीखाने में अवैध रूप से रखी 14 बोतल (10,500 मिलीलीटर) संतरा मार्का देसी शराब बरामद हुई। पुलिस चौकी प्रभारी विक्रम सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी से मामले की पूछताछ की जा रही है।
