मेले की आखिरी सांस्कृतिक संध्या देखने गया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ लापता
HNN / शिमला
जिला शिमला के रामपुर बुशहर में लवी मेले की आखरी सांस्कृतिक संध्या देखने गया एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक की पहचान पंकज के रूप में हुई है। जब परिजनों द्वारा युवक की काफी तलाश की गई, तो आखिर में उन्हें पुलिस थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पंकज को आखरी सांस्कृतिक संध्या में झाड़ियों में गिरे हुए देखा था। लेकिन उस दौरान उसके साथ उसके दोस्त भी थे, जो उसे झाड़ियों से उठाकर वहां से ले गए। वहीं, परिजनों का कहना है कि उनका बेटा मेले की आखिरी सांस्कृतिक संध्या में जाने की जिद कर रहा था, जिसके चलते उन्होंने उसे उसके दोस्तों के साथ मेले में भेज दिया।
लेकिन जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो उन्होंने उसकी काफी तलाश की, लेकिन पंकज का कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। उधर, डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर ने बताया कि युवक के लापता होने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम उसकी तलाश कर रही है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लगा है।