मोदी सरकार ने भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन के लिए दिया 1000 करोड़ रुपए का बजट

Modi-government-gave-a-budg.jpg

स्वारघाट में भाजपा द्वारा आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह में अनुराग ने किया मोदी का गुणगान

HNN/ बिलासपुर

जिला बिलासपुर के कहलूर होटल स्वारघाट में भाजपा मंडल श्री नैना देवी द्वारा कार्यकर्ता मिलन समारोह का आयोजन किया, जिसमें केन्द्रीय सूचना और प्रसारण, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं नैना देवी विधानसभा के विधायक रणधीर शर्मा ने हिमाचल के प्रवेश द्वारा गरामौड़ा में भव्य एवं जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ता मिलन समारोह में आने से पूर्व अनुराग ठाकुर ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का भी निरीक्षण किया। स्वारघाट में भाजपा पदाधिकारियों एवं कर्कर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।

कार्यकर्ता मिलन समारोह में अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश के आधारभूत ढाँचे को सुदृढ़ किया है। मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य को भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन की सौगात दी और इसके लिए 1000 करोड़ रुपए का बजट भी दिया है, जोकि आज तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रेलवे के लिए 2 लाख 40 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा है जोकि साल 2014 के मुकाबले नौ गुणा ज्यादा है। यही नहीं कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन भी रिकॉर्ड समय में बनाया जा रहा है और पूरा-पूरा प्रयास है कि आने वाली 15 मई को इसका उद्घाटन केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गटकरी से करवाया जाए।

उन्होंने कहा कि इस फोरलेन के बनने से कीरतपुर से नेरचौक का सफर 3 घंटे से कम होकर 40 मिनट में होगा जोकि प्रदेश और देश के लिए एक बड़ी उपलब्धी है और नरेंद्र मोदी की हिमाचल के लिए बड़ी सौगात है। कार्यकर्ता मिलन समारोह के बाद अनुराग ठाकुर ने जन-समस्याओं को भी सुना और अधिकतर का मौके पर निवारण भी किया।