Loading...

मोबाइल पर भी देखें मतदाता सूची में नाम: 8 अक्तूबर से शुरू होंगी आपत्तियां व अपीलें

Shailesh Saini • 7 Oct 2025 • 1 Min Read

पंचायत और शहरी निकाय चुनावों की तैयारी तेज, दिसंबर में हो सकते हैं चुनाव

हिमाचल नाऊ न्यूज़, शिमला

हिमाचल प्रदेश में मतदाता सूचियों का प्रकाशन सोमवार से कर दिया गया है।राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों पर सभी पंचायतों और शहरी निकायों में मतदाता सूचियां निरीक्षण के लिए उपलब्ध करवा दी गई हैं।अब लोग पंचायत घरों या शहरी निकाय कार्यालय में जाकर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं।

अच्छी खबर यह है कि राज्य चुनाव आयोग ने लोगों को मोबाइल फोन पर भी नाम देखने की सुविधा प्रदान की है। लोग आयोग की वेबसाइट और वोटर सारथी ऐप के माध्यम से भी मतदाता सूची का निरीक्षण कर सकते हैं।

निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, 8 अक्तूबर से मतदाता सूची पर आपत्तियों व अपीलों का दौर शुरू हो जाएगा, जो 17 अक्तूबर तक चलेगा। इन दावों व आपत्तियों का निपटारा 27 अक्तूबर तक कर दिया जाएगा।

अपीलें 3 नवंबर तक दर्ज होंगी और उनका निपटारा 10 नवंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 13 नवंबर को या उससे पहले कर दिया जाएगा।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि दावे और आपत्तियां व्यक्ति स्वयं, पंजीकृत डाक से अथवा अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से दर्ज करवा सकता है। किसी एक व्यक्ति की ओर से सामूहिक रूप से दावे, आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।

इस कार्यक्रम के साथ ही प्रदेश में पंचायत और शहरी निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि निर्धारित समय सीमा का पालन सख्ती से किया जाए।

दिसंबर महीने में 15 तारीख के बाद कभी भी चुनाव हो सकते हैं, जिसके लिए नवंबर महीने में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी जाएगी।