मोबाइल पोलिंग टीमों द्वारा 8वें दिन 17 मतदाताओं से घर से करवाया गया मतदान
27 सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र में अब तक कुल 744 मतदाता कर चुके मतदान
HNN/मंडी
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर गिरीश समरा ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन क्षेत्र में 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और दिव्यांग मतदाताओं से घर पर ही मतदान करवाया जा रहा है। जिसके लिए 27-सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र में 12 मोबाइल पोलिंग टीमों का गठन किया गया है।
एक मोबाइल पोलिंग टीम में कुल 05 चुनाव कर्मी जिसमें दो पोलिंग ऑफिसर, एक माइक्रो आब्जर्वर, एक पुलिसकर्मी और एक वीडियोग्राफर शामिल हैं, जो 29 मई तक क्षेत्र के सभी 114 मतदान केंद्रों में जाकर चिन्हित मतदाताओं से घर पर ही मतदान करवाएंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मोबाइल पोलिंग टीमों ने आठवें दिन यानि 28 मई को 17 मतदाताओं से मतदान करवाया, इनमें 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 6, 2 दिव्यांग और 9 आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत मतदाता शामिल है।
आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत मतदाताओं के लिए किसान हॉस्टल सुंदरनगर में मतदान केंद्र स्थापित किया गया है। अब तक 27-सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र में कुल 744 मतदाताओं से मतदान करवाया जा चुका है, इनमें 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 529 और 181 दिव्यांग और 34 आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत मतदाता शामिल है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 790 ऐसे मतदाता है जो 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग, दिव्यांग या आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत है। इन मतदाताओं ने फाॅर्म 12-डी भर कर घर से ही मतदान करने के लिए आवेदन किया है। ऐसे मतदाता जिन्होंने फार्म 12-डी भरा है, उनके मतदान का आज 29 मई अन्तिम दिन है।