Loading...

मोरक्को आए भीषण भूकंप ने मचाई तबाही, अभी तक 2 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

Ankita • 10 Sep 2023 • 1 Min Read

अभी भी मलबे में दबे है कई लोग, सर्च ऑपरेशन जारी…….

मोरक्को में शुक्रवार को आए भीषण भूकंप में अभी तक 2 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। मोरक्को के आंतरिक मंत्रालय बयान जारी करते हुए कहा कि भीषण भूकंप में 2,000 से अधिक लोग मारे गए हैं और कम से कम 2,000 अन्य घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर है।

बयान के मुताबिक, 2,012 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 2,059 घायल हुए हैं, जिनमें 1,404 की हालत गंभीर है। जानकारी के मुताबिक, कैसाब्लांका से मराकेश तक देश के कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए जिसके बाद कई ईमारतें ध्वस्त हो गईं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई।

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार शुक्रवार (शाम 6 बजे ईटी) आया और इसकी गहराई 18.5 किलोमीटर (11.4 मील) रही। भूकंप का केंद्र मराकेश से 71 किमी (44 मील) दक्षिण-पश्चिम में उच्च एटलस पर्वत में था।

माना जा रहा है कि कई लोग अभी भी मलबे में दबे हैं और बचाव प्रयास जारी हैं। कई शव पहले ही बरामद किये जा चुके हैं। मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की पूरी उम्मीद है। देश के शाही महल ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।