युवक की हत्या मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किये चार आरोपी, इस तरह दिया वारदात को अंजाम
HNN / बद्दी
बद्दी के डोरियां गांव के 23 वर्षीय युवक हरभजन सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों को बीते कल अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग के चलते हरभजन सिंह के साथ इनकी पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते हरभजन सिंह की हत्या कर दी गई।
क्या है पूरा मामला
डोरियां गांव के हरभजन सिंह पुत्र गुरनाम सिंह को बुधवार की रात को 9:00 बजे नालागढ़ की फ्रेंड कॉलोनी के इंद्रपीत सिंह, पिंजौर निवासी अमरदीप, भुड्ड निवासी लखविंद्र और दीपक कुमार ने फोन करके डोडूवाला चौक बुलाया। इसके बाद बाइक लेकर हरभजन सिंह डोडूवाल चौक पहुंचा। जहां पर इन सभी ने उस पर कृपाण और दराट से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुंची और गुरुवार रात को ही आरोपियों को दबोच लिया। लखविंद्र और दीपक की हरभजन सिंह के साथ पुरानी रंजिश थी। इन दोनों ने इंद्रप्रीत सिंह और अमरदीप के साथ मिलकर इसकी हत्या करवाई। उधर, डीएसपी प्रियंक नेगी ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चारों को नालागढ़ अदालत में पेश किया गया जहां से आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।