Loading...

युवा अपनी ऊर्जा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने व लोगों की सेवा करने में लगाएं- राघव शर्मा

PARUL • 13 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/ऊना /वीरेंद्र बन्याल

नेहरू युवा केंद्र ऊना के सौजन्य से बीएड कॉलेज समूर खुर्द में राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त राघव शर्मा ने की। इस अवसर पर उपायुक्त राघव शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद एक महान पुरूष थे जिन्होंने अपना समस्त जीवन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ लोगों की मदद करने में समर्पित कर दिया।

उन्होंने अपनी अल्प आयु में जो समाजहित के लिए कार्य किए हैं शायद ही कोई अन्य व्यक्ति कर पाएगा। राघव शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति हमारे राष्ट्र का भविष्य है। प्रत्येक युवा को स्वामी विवेकानंद द्वारा समाज हित में किए गए सकारात्मक कार्यों से प्रेरणा लेने चाहिए तथा युवाओं को अपनी ऊर्जा समाज में सकारात्मक बदलाव व लोगों की सेवा करने में लगानी चाहिए। क्योंकि मनुष्य अपने जीवन में किए गए कार्यों से पहचाना जाता है।

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों पर नज़र डाली जाए तो उनका मानना था कि नर की सेवा अच्छे ढंग से करना ही असल में नारायण की सेवा करना है। राघव शर्मा ने बताया कि स्वमाी विवेकानंद ने 1893 में शिकागो में विश्व धर्म सम्मेलन आयोजित किया जिसमें भारत की ओर से हिन्दु धर्म का प्रतिनिधित्व किया तथा हिन्दु धर्म व सभ्यता का परिचय दिया जोकि उस समय में बहुत बड़ी बात थी।

इस दौरान उप निदेशक एनवाइके डॉ लाल सिंह ने कहा कि हम सभी को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में उतारने की आवश्यकता है स्वामी विवेकानंद हम सभी के राष्ट्रीय आराध्य देव हैं उनके बताए गए मार्ग पर चलकर भारत के सभी युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को तय करके ही राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं।