राइड के बहाने मोटरसाइकिल लेकर फरार हुआ शातिर, मामला दर्ज
HNN/ ऊना
जिला ऊना में एक चोरी की वारदात पेश आई है, यहां एक शातिर राइड के बहाने से मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया है। आरोपी की पहचान अमन कपूर निवासी धर्मशाला के रूप में हुई है। फरियाद निवासी गांव आबादा वराना तहसील ऊना ने आरोपी के खिलाफ इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश भी शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि उसने बाइक बेचने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी। पीड़ित ने बताया कि उसकी पोस्ट देखकर सात दिसंबर को बाइक खरीदने के लिए आए व्यक्ति ने पहले राइड ली और फिर शातिर तरीके से मोटरसाइकिल सहित फरार हो गया।
फरियाद ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर आरोपी की काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने बताया कि उसकी बाइक की कीमत 80 से 90 हजार रुपये के करीब है।पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि की है।