Loading...

राखी बांधकर बहनों ने मांगा तोहफा, बोलीं—नाहन की स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था सुधरवाना ही सबसे बड़ा उपहार

Shailesh Saini • 7 Hours Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन।

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर इनर व्हील क्लब नाहन की सदस्यों ने जिला मुख्यालय के मीडिया कर्मियों के साथ पर्व मनाते हुए इस बार पारंपरिक उपहार की जगह शहर की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का भरोसा मांगा।

क्लब की सदस्यों ने मीडिया कर्मियों को राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की और मेडिकल कॉलेज नाहन में चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं तथा शहर में पिछले कई महीनों से जारी अघोषित बिजली कटों की समस्या को प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष प्रिया शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी और विश्वास का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि इस बार क्लब की बहनों ने मीडिया कर्मियों से किसी उपहार की अपेक्षा नहीं की, बल्कि नाहन की आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का वादा मांगा है। उन्होंने कहा कि “हमारे लिए सबसे बड़ा रक्षाबंधन उपहार यही होगा कि नाहन मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हों और शहर की जनता को अघोषित बिजली कटों से राहत मिले।

”प्रिया शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज नाहन में स्टाफ की कमी का सबसे अधिक खामियाजा प्रसूता महिलाओं और दूरदराज के क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। अल्ट्रासाउंड सहित जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मरीजों को परेशान होना पड़ता है और कई बार उन्हें निजी अस्पतालों अथवा बाहरी राज्यों का रुख करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा के लिए लोगों को भटकना न पड़े, इसके लिए व्यवस्था में सुधार जरूरी है।क्लब की एडिटर अलका गर्ग ने शहर में लगातार लग रहे अघोषित बिजली कटों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिजली की आंख-मिचौली से आम लोगों के साथ-साथ दुकानदारों, छोटे कारोबारियों और विद्यार्थियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने संबंधित विभाग से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।इस दौरान क्लब की पास्ट प्रेसिडेंट सुनीता शर्मा, राखी अग्रवाल, मधुबाला, मोनिका गर्ग सहित अन्य सदस्यों ने मीडिया कर्मियों को राखियां बांधीं।

मीडिया कर्मियों ने भी बहनों का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि शहर और जिले से जुड़े जनहित के मुद्दों को हर उचित मंच पर प्रमुखता से उठाया जाएगा।क्लब की सदस्यों ने रक्षाबंधन के अवसर पर भाइयों के लिए भी अवकाश घोषित करने के सरकार के फैसले का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बहनों ने मंगल गीत गाकर रक्षाबंधन के पर्व की खुशियां भी साझा कीं।

Related Topics: