Loading...

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में 2026-27 के लिए शुरू हुई पंजीकरण प्रक्रिया

PRIYANKA THAKUR 31 Mar 2026 Edited 31 Mar 1 min read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

महाविद्यालय के प्राचार्य और स्टाफ ने विभिन्न स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों को नामांकन के लिए प्रेरित किया। अभियान के तहत विद्यार्थियों को शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों और सुविधाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने आगामी सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय में प्रवेश लेने में रुचि दिखाई।

ऊना

पंजीकरण अभियान की शुरुआत
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र एवं उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकी मनियार में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पंजीकरण अभियान की शुरुआत की गई । इस अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० बलविंदर सिंह राणा, डॉ० आर०के० नेगी, डॉ० सगुन डोगरा, प्रो० नवीन शर्मा, अधीक्षक राकेश कुमार तथा सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष नीलम कुमारी ने विभिन्न राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का दौरा कर विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें नामांकन के लिए प्रेरित किया।

विद्यालयों में जागरूकता अभियान
प्राचार्य डॉ० बलविंदर सिंह राणा के नेतृत्व में डॉ० सगुन डोगरा, प्रो० नवीन शर्मा एवं सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष नीलम कुमारी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टकारला, बेहड़ जसवां, चुरुडू तथा दियाड़ा का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया और उच्च शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, प्रो० आर०के० नेगी एवं अधीक्षक राकेश कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौकीमन्यार का दौरा कर विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों, सुविधाओं एवं उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं के बारे में अवगत कराया।

सुविधाओं की दी जानकारी
महाविद्यालय के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को संस्थान में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों के लिए फीस में माफी तथा निःशुल्क पुस्तकें जैसी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में अनुभवी शिक्षण कर्मचारी एवं विद्यार्थियों के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध है। विद्यार्थियों ने इस नामांकन अभियान को सकारात्मक रूप से लिया और आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय में प्रवेश लेने में रुचि व्यक्त की।