Loading...

राजगढ़ नगर पंचायत चुनाव के लिए वार्ड आरक्षण तयनई सूची जारी होते ही बदला चुनावी गणित, कई पुराने दावेदारों की रणनीति पर असर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 28 Mar 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / सिरमौर

राजगढ़ नगर पंचायत चुनाव के लिए 7 वार्डों की आरक्षण सूची जारी होने के बाद क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नई व्यवस्था से कई पुराने दावेदारों की रणनीति बदल गई है और नए उम्मीदवारों के लिए मौके खुल गए हैं।

राजगढ़

राजगढ़ नगर पंचायत चुनाव को लेकर वार्डों के आरक्षण की तस्वीर साफ हो गई है। एसडीएम कार्यालय राजगढ़ ने नगर पंचायत के 7 वार्डों के लिए आरक्षण सूची जारी कर दी है। 28 मार्च 2026 को जारी इस सूची के बाद क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई है और संभावित उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन टटोलनी शुरू कर दी है।एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर द्वारा जारी सूची के अनुसार वार्ड नंबर 1 (कालोनी वार्ड) को अनारक्षित रखा गया है। वार्ड नंबर 2 (बस स्टैंड वार्ड) को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि वार्ड नंबर 3 (राधा कृष्ण मंदिर वार्ड) को अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है।

इसी तरह वार्ड नंबर 4 (नेहरू मैदान वार्ड) और वार्ड नंबर 5 (स्कूल वार्ड) को अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं वार्ड नंबर 6 (पुलिस थाना वार्ड) और वार्ड नंबर 7 (गांव कोटली हडेच वार्ड) को अनारक्षित रखा गया है।प्रशासनिक जानकारी के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई। अधिकारियों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में वार्डों का आरक्षण तय किया गया, ताकि सभी वर्गों को संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सके।

इस नई आरक्षण व्यवस्था के बाद अब राजगढ़ की स्थानीय राजनीति का समीकरण बदलता हुआ नजर आ रहा है। जिन वार्डों की श्रेणी बदली है, वहां पहले से तैयारी कर रहे कई संभावित दावेदारों को अब नई रणनीति बनानी पड़ेगी। वहीं दूसरी ओर कई वार्डों में नए चेहरों के लिए राजनीतिक रास्ते खुलते दिखाई दे रहे हैं।खास तौर पर महिला और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित वार्डों में इस बार मुकाबला दिलचस्प रहने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आरक्षण सूची जारी होने के बाद अब संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता और तेज होगी तथा घर-घर संपर्क, गुटबंदी और स्थानीय समीकरणों पर काम शुरू हो जाएगा।

सूची जारी होने के दौरान नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश आर्य, नवीन शर्मा, राजेन्द्र ठाकुर, दिनेश ठाकुर, अजय चौहान, अनुज ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।अब आरक्षण सूची सामने आने के बाद राजगढ़ नगर पंचायत चुनाव का मैदान लगभग सज चुका है, और आने वाले दिनों में स्थानीय राजनीति का तापमान और बढ़ना तय माना जा रहा है।