Loading...

राजगढ़ में जहरीला पदार्थ खाने से 29 वर्षीय युवक की मौत

Shailesh Saini • 2 Hours Ago • 1 Min Read

शराब के नशे में कलाई पर लगाए कट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; पुलिस ने शुरू की जांच

हिमाचल नाऊ न्यूज, राजगढ़

सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल के गांव कुडू लवाना में 29 वर्षीय युवक की कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।जानकारी के अनुसार युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था। परिजनों ने बताया कि 29 जुलाई को उसने अत्यधिक शराब का सेवन किया था। इसी दौरान उसने अपनी बाईं कलाई पर किसी नुकीली वस्तु से हल्के कट लगाए और कथित रूप से किसी जहरीले पदार्थ का भी सेवन कर लिया। देर रात तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में मृतक की बाईं कलाई पर हल्के कट के निशान और बाईं टांग पर मामूली खरोंच के अलावा कोई अन्य गंभीर चोट नहीं मिली है।

परिजनों ने भी किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी राजगढ़ वी.सी. नेगी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Topics: