राहुल गांधी भारत को बांग्लादेश बनाने की साजिश रच रहे, कांग्रेस की नौटंकी जनता नहीं करेगी स्वीकार: बिंदल
दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन पर साधा निशाना, बोले- जिस चुनाव आयोग ने सत्ता दिलाई, उसी के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे मुख्यमंत्री और मंत्री
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नाहन के पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने तथा लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। शनिवार को नाहन स्थित भाजपा जिला कार्यालय दीपकमल में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश के मंत्रियों की भागीदारी पर भी सवाल उठाए। बिंदल ने कहा कि जिस चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया के तहत मुख्यमंत्री और मंत्री सत्ता में पहुंचे हैं, आज उसी के खिलाफ प्रदर्शन करने दिल्ली पहुंच गए हैं। यदि कांग्रेस को चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है तो मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
बिंदल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव आयोग को बहाना बनाकर देश में अराजकता का माहौल तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारें बदलनी हैं तो चुनाव जीतकर आएं, यह भारत है, बांग्लादेश नहीं। संविधान बचाने का दावा करने वाली कांग्रेस को अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। जिस पार्टी ने आपातकाल लगाया और 100 से अधिक बार चुनी हुई सरकारों को गिराया, वही आज संविधान की दुहाई दे रही है।
प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए बिंदल ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने हिमाचल पर 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज और करीब 45 हजार करोड़ रुपये के टैक्स का बोझ डाल दिया है। पेट्रोल-डीजल, बिजली, स्टांप ड्यूटी और राशन महंगा करने के बावजूद अस्पतालों में दवाइयों की कमी, डॉक्टरों के खाली पद, बंद होते स्कूल और बिजली कटौती जैसी समस्याएं बरकरार हैं। उन्होंने सवाल किया कि जनता से वसूला गया पैसा आखिर कहां खर्च हो रहा है?
महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने के वादे पर भी बिंदल ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रत्येक महिला की 72 हजार रुपये की कथित देनदारी बन चुकी है, जो पांच साल में 90 हजार रुपये हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का जवाब देगी।
इससे पहले बिंदल की अध्यक्षता में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों की बैठक भी हुई। इस अवसर पर पार्षद संजय चौहान, विक्रम वर्मा, बंटू सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।