राजगढ़ में दो मंजिला मकान जलकर राख, लाखों का नुकसान
HNN/राजगढ़
जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल में दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड से घर में रखी नकदी समेत जेवरात भी आग की भेंट चढ़ गए। गनीमत ये रही कि इस अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के राजगढ़ तहसील की टिक्कर पंंचायत के लहराब गांव में सतेंद्र सिंह पुत्र इंद्र सिंह के दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। मकान से आग की लपटें उठती देख ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए और कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि इस अग्निकांड से घर में रखी एक लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। इसके साथ साथ घर का सामान और आभूषण भी बुरी तरह जल गए। इस अग्निकांड से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
आग लगने की सूचना प्रशासन को दी गई। मौके पर प्रशासन के अधिकारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। उधर, एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़ित परिवार को 20,000 रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार और पटवारी मौके पर नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।