शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला, इनरव्हील क्लब नाहन क्लासिक ने उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित
शिक्षक दिवस पर आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति-पत्र किए भेंट
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन
शिक्षक दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब नाहन क्लासिक द्वारा शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला सिरमौर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं, समर्पण और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पीजी कॉलेज नाहन के डॉ. जय चंद, राजकीय उच्च विद्यालय जामली के मुख्याध्यापक राकेश कौशिक, ए.वी.एन. नाहन के अर्जुन, राजकीय प्राथमिक पाठशाला नेहरला के शिक्षक शमशेर ठाकुर, राजकीय उच्च विद्यालय कैंट नाहन के नरेश कुमार, रखनी के विशाल कश्यप, डाइट नाहन की प्रवक्ता शिवानी थापा, कार्मल कॉन्वेंट स्कूल की फरहाना, माजरा के शिक्षक नीरज कुमार तथा करियर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन की समृद्धि अत्री को सम्मानित किया गया।
इनरव्हील क्लब नाहन क्लासिक की ओर से सभी सम्मानित शिक्षकों को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर उनके योगदान को सराहा गया। इस दौरान क्लब सदस्यों ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों की सीख देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम में शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके समाज निर्माण में अमूल्य योगदान को नमन किया गया।
इस अवसर पर इनरव्हील क्लब नाहन क्लासिक की अध्यक्ष, पदाधिकारी और क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं।शिक्षकों के सम्मान को समर्पित यह आयोजन शिक्षा जगत के प्रति समाज की कृतज्ञता और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना का सुंदर उदाहरण बना।