सराहां में पूर्व सैनिकों ने उठाई सीएसडी कैंटीन और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक खोलने की मांग
जिला आउटरीच कार्यक्रम में सैनिक कल्याण कार्यालय में पर्याप्त स्टाफ और पच्छाद में सहायता केंद्र स्थापित करने का मुद्दा भी उठा
हिमाचल नाऊ न्यूज सरांहा
जिला सिरमौर के सराहां में पूर्व सैनिक कल्याण लीग की जिला आउटरीच पहल के तहत पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और कल्याण संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए सराहां में सीएसडी कैंटीन और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित करने की मांग रखी।
लीग की सोलन जिला इकाई के अध्यक्ष एवं प्रमुख वक्ता सूबेदार मेजर सच्चिदानंद शर्मा (सेवानिवृत्त) ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को लीग के राज्य स्तरीय साझा मंच, उसके उद्देश्यों और कल्याणकारी गतिविधियों से अवगत करवाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर पूर्व सैनिकों की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझना था।
बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों ने पच्छाद उपमंडल मुख्यालय सराहां में सीएसडी कैंटीन और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक खोलने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके अलावा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय नाहन में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती तथा तहसील पच्छाद में सैनिक कल्याण सहायता केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
पूर्व सैनिकों ने अंतिम संस्कार के दौरान उचित सैन्य प्रतिनिधित्व और श्रद्धांजलि की व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित अन्य कल्याणकारी मुद्दों को भी बैठक में रखा। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय तक देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
सूबेदार मेजर सच्चिदानंद शर्मा ने कहा कि बैठक में सामने आए सभी सुझावों और समस्याओं को समेकित कर राज्य मुख्यालय के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों के माध्यम से इन मांगों के समाधान के लिए उचित स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं है, बल्कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए एक मजबूत, समन्वित और प्रभावी राज्य स्तरीय मंच तैयार करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने राज्य स्तरीय साझा मंच की पहल का स्वागत करते हुए भविष्य में आपसी समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक एकता मंच के अध्यक्ष भुवनेश्वर दत्त सहित क्षेत्र के कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।