राजबन में एक महिला का शव बरामद, 2 बच्चियों सहित 4 लाेग अभी भी लापता
HNN/ मंडी
हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से आई बाढ़ में लापता हुए लोगों की तलाश जारी है। वहीं मंडी जिला में आज एक महिला का शव बरामद हुआ है। शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। अब केवल 3 माह और 11 वर्ष की 2 बच्चियों सहित कुल 4 लोग लापता हैं। तलाशी अभियान अभी भी जारी है और अन्य लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
बता दें कि घटना के पहले दिन 3 शव बरामद हुए थे जबकि दूसरे दिन 2 बच्चों अमन (9) और आर्यन (8) के शव बरामद हुए थे। जानकारी के मुताबिक, मंडी जिला के उपमंडल पधर में पुलिस चौकी टिक्कन के अधिकार क्षेत्र के तहत तेरंग के पास गांव राजबन में बादल फटने से प्रभावित क्षेत्र में किए जा रहे खोज और बचाव अभियान के दौरान आज तीसरे दिन घटनास्थल से एक महिला का शव बरामद हुआ हैं।
घटना के बाद से अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि 4 लोग अभी भी लापता हैं। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, फायर और होमगार्ड के जवान लगातार लापता लोगों को ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 5 मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की राहत राशि जारी कर दी गई है। प्रभावित परिवारों के ठहरने की व्यवस्था गांव में ही खाली घर पर की गई है। इसके अलावा उनको राशन, मेडिकल किट और तिरपाल दिए गए हैं।