राज्य डीसीए के द्वारा सील की गई नकली दवाएं बनाने वाली फैक्ट्री
रात भर चली छापेमारी की कार्यवाही, नकली दवाओं के जखीरे के साथ वाहन भी किया जब्त
HNN/ बद्दी
राज्य दवा नियंत्रक के द्वारा बद्दी में नकली दवाओं की बड़ी खेप की बरामदगी एवं निर्माण की सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य दवा नियंत्रक नवनीत मरवाहा के द्वारा अधिकारियों की एक टीम का गठन कर इस बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है।
ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन (डीसीए) एचपी बद्दी के अधिकारियों ने इस संबंध में प्रारंभिक जांच के बाद त्वरित कार्यवाही की और पुलिस की सहायता से मैसर्स आरएस रोडलाइन, साई रोड बद्दी सोलन एचपी के एक परिवहन गोदाम से नकली दवाओं का एक बड़ा भंडार बरामद किया।
बरामद किए गए जखीरे में मधुमेह और मल्टीविटामिन के लिए उपयोग की जाने वाली मैनकाइंड फार्मा लिमिटेड, सिक्किम और इंटास फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड, सिक्किम की नकली दवाएं शामिल रही है। गठित टीम के द्वारा तमाम जानकारी एकत्र करने के बाद, मैसर्स मैग्नेटेक एंटरप्राइजेज बद्दी की विनिर्माण इकाई पर भी पुलिस की सहायता से डीसीए के अधिकारियों द्वारा छापा मारा गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टीम द्वारा प्रक्रियाधीन गोलियों का भारी स्टॉक और नकली दवाओं के ब्लिस्टर पैक के स्क्रैप भी बरामद किए गए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट गोदाम और निर्माण इकाई पर रात भर छापेमारी के साथ घंटा से जांच की गई।
तमाम बरामद की गई नकली दवाओं व अन्य सामग्री के बाद मैसर्स मैग्नेटेक एंटरप्राइजेज का विनिर्माण परिसर, बद्दी जिला सोलन, (हिमाचल प्रदेश) को सील कर दिया गया है। विभाग के द्वारा विनिर्माण इकाई के मालिक को आगे की जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। यह नहीं इस काले धंधे में शामिल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वही वाहन था जिसमें कंपनी द्वारा नकली दवाओं का परिवहन किया गया था। दिल्ली में नकली दवाओं की संदिग्ध डिलीवरी के बाद ड्रग कंट्रोलर दिल्ली ने भी इस संबंध में जानकारी दी है। माननीय न्यायालय को नकली दवाओं आदि की जब्ती के साथ-साथ विनिर्माण इकाई को सील करने के बारे में सूचित किया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए राज्य दवा नियंत्रक नवनीत मरवाहा ने बताया कि तमाम कार्यवाही के बाद आगे की जांच के साथ कानूनी और प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी।