Loading...

राधे-राधे के जयघोषों से गूंजा सैनवाला, माता भद्रकाली मंदिर में स्थापित हुईं राधारानी और बांके बिहारी की मूर्तियां

Shailesh Saini • 57 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आमवाला-सैनवाला पंचायत के सैनवाला स्थित माता भद्रकाली मंदिर परिसर में श्री राधारानी और बांके बिहारी जी की मूर्तियों की विधिवत स्थापना की गई।

मूर्ति स्थापना समारोह के दौरान मंदिर परिसर राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोषों से गूंज उठा।मूर्ति स्थापना से पहले दो दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान मूर्तियों का दुग्ध, अन्न, पुष्प और फलों से अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

जन्माष्टमी के दिन प्रातःकाल श्री राधारानी और बांके बिहारी जी की मूर्तियों की प्रभातफेरी भी निकाली गई।प्रभातफेरी माता भद्रकाली मंदिर से शुरू होकर श्री खेड़ा जी महाराज, श्री नर्मदेश्वर मंदिर और श्री गोगा माड़ी सैनवाला से होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची।

इसके बाद मूर्तियों का षोडशोपचार पूजन किया गया तथा यज्ञ का आयोजन हुआ।धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में धर्म चंद बिंदल, पूर्व प्रधान संदीप तोमर, काकू राम और राकेश तोमर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।कालाअंब से नाहन के बीच बांके बिहारी जी का यह पहला मंदिर बताया जा रहा है। इससे पहले क्षेत्र के श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी और अन्य धार्मिक अवसरों पर बांके बिहारी जी की पूजा-अर्चना के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था।

माता भद्रकाली मंदिर परिसर में राधारानी और बांके बिहारी जी की मूर्तियों की स्थापना के बाद अब सैनवाला और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को स्थानीय स्तर पर ही दर्शन और पूजा-अर्चना की सुविधा मिल सकेगी।

Related Topics: