राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया विजयदशमी उत्सव, स्वयंसेवकों ने किया ध्वजारोहण एवं शस्त्र पूजन

una-35.jpg

HNN/ऊना/ वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने विजयदशमी पर्व पर चौकीमन्यार खंड के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौजन्य से जोल की पंचवटी पार्क में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं शस्त्र पूजन के साथ की गई। इस कार्यकम में पंडित रमेश शास्त्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खंड के सभी मंडलों के 110 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता के रूप में जिला कार्यवाहक राजकुमार व संघ संचालक जगदीश धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उसके बाद संघ के कार्यकर्ताओं ने पंचवटी पार्क से लेकर जोल बाजार तक पथ संचलन किया। संघ के कार्यकर्ता देशभक्ति गीत गाते हुए कमद से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। मुख्य अतिथि पंडित रमेश शास्त्री ने कहा कि आरएसएस वर्ष भर में कुल छह उत्सव मनाता है। विजयदशमी उसमें से एक है। यह पर्व सत्य पर सत्य की जीत और अंधकार पर प्रकाश की विजय का घोतक है।

इस अवसर पर जिला कार्यवाहक राजकुमार ने कहा कि विजयदशमी के दिन ही डॉ. केशव बलराम हेडगेवार ने 27 सितंबर 1925 में नागपुर में संघ की स्थापना की थी। ताकि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि नमस्ते सदा वत्सले मातृ भूमे में प्रार्थना के साथ पिछले कई दशकों से लगातार देश के कोने कोने में संघ की शाखाएं लगा रही हैं। उन्होंने बताया कि 2025 तक आर एस एस की मंडली अथवा शाखा देश के हर गांव-मोहल्ले तक पहुंचाने का प्रयास जारी है। कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम भारतीय मानस की आत्मा है।

जिला कार्यवाहक ने कहा कि अयोध्या राज परिवार में जन्म लेने वाले राजकुमार जब पिता की आज्ञा से महल छोड़ते हैं, तो वह अपनी सामर्थ्य और सामाजिक संरचना के बल पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम बन जाते हैं। आसुरी शक्तियां उनके शरणागत हो जाती है। उन्होंने कहा कि पुरातन काल में हम शक्ति की उपासना करते रहे हैं। आरएसएस विजयदशमी पर शस्त्र पूजन के परंपरा को जीवंत रखे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मनुष्य ही हिंदुत्व है और हिंदुत्व ही राष्ट्रीयत्व है। इस मौके पर महालक्ष्मी इंडस्ट्री अंबेहडा के उद्योगपति एवं समाजसेवी योगराज जोगी, पुलिस चौकी प्रभारी जोल रवि पाल शर्मा, बीडीसी सदस्य सुषमा शर्मा ,बीडीसी सदस्य चौकीमन्यार अनिता कुमारी,ग्राम पंचायत प्रधान जोल सुनीता कुमारी, उप प्रधान रवि शर्मा,राधेश्याम, आचार्य शिव कुमार शास्त्री, जनक राज, अजय जसवाल एवं अधिक संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।