रिकांग पिओ में सड़क सुरक्षा पर बैठक, उपायुक्त ने अभिभावकों को बिना लाइसेंस बच्चों को वाहन न देने की चेतावनी दी
Himachalnow / रिकांगपिओ
किन्नौर जिला में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने अभिभावकों से बिना लाइसेंस बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की और नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
रिकांग पिओ
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांग पिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय सभागार में उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बिना लाइसेंस बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जिले के सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को ड्राइविंग लाइसेंस बनने से पहले वाहन चलाने की अनुमति न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया गया तो संबंधित अभिभावकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क दुर्घटना में घायलों को कैशलैस इलाज की सुविधा
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के उपचार के लिए सरकार द्वारा डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलैस इलाज उपलब्ध करवाया जाता है, जिससे समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
राह वीर योजना के तहत मिलेगा प्रोत्साहन
उपायुक्त ने बताया कि राह वीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर के दौरान अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाती है। एक व्यक्ति वर्ष में अधिकतम पांच बार इस योजना का लाभ ले सकता है और 10 चयनित राह वीरों को एक लाख रुपये तक की अतिरिक्त राशि भी दी जाएगी। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के दिए निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने पुलिस विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को जिले में सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और वहां क्रैश बैरियर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, सहायक अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग उमेश लारजू, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ. कुलदीप सिंह डोगरा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. अरुण कुमार गौतम तथा सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।