Loading...

रिमझिम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, फसलों के लिए बनी वरदान

Shailesh Saini • 20 Mar 2026 • 1 Min Read

दो दिन की हल्की बारिश से खेतों में नमी, बागवानों को बेहतर पैदावार की उम्मीद

हिमाचल नाऊ न्यूज़, राजगढ़

जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही रिमझिम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है। लंबे समय बाद हुई इस हल्की बारिश से किसानों और बागवानों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है।

स्थानीय किसानों का कहना है कि यह बारिश लहसुन और आलू जैसी फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। खेतों में बनी नमी फसलों की बढ़वार में मदद करेगी और उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है।

बागवानी से जुड़े लोगों के अनुसार सेब, आड़ू, प्लम और खुमानी जैसी फसलों के लिए भी यह मौसम अनुकूल है। हल्की बारिश और ठंडक से बागानों में नमी बनी रहती है, जिससे फलों की गुणवत्ता पर सकारात्मक असर पड़ता है।

कुछ दिन पहले क्षेत्र में तापमान बढ़ने से किसान चिंतित थे। गर्मी के चलते फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब लगातार हो रही बारिश ने मौसम को फिर से ठंडा कर दिया है।

किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह बना रहा तो इस वर्ष फसलों और फलों की पैदावार बेहतर हो सकती है। वहीं बारिश के चलते क्षेत्र में ठंडक बढ़ गई है और लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है।