रिवर्स करते हुए दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रैक्टर, 72 वर्षीय चालक की मौत
HNN/ मंडी
जिला मंडी में सीनियर सेकेंडरी स्कूल बगला के पास एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक ट्रैक्टर रिवर्स करते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की जान चली गई है। मृतक की पहचान 72 वर्षीय रत्न सिंह पुत्र गोबिंद राम निवासी लुणापानी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रत्न सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल बगला के साथ वाले मंदिर में मत्था टेकने आया था। इस दौरान स्कूल के गेट के बाद खाली जगह पर अपने ट्रैक्टर को पार्क कर रहा था। इसी बीच रिवर्स करते हुए ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नीचे फोरलेन पर आ गिरा।
हादसे में वह बुरी तरह जख्मी हुआ। घटना के बाद उसे घायल अवस्था में तुरंत मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।