रूटीन चैकिंग के दौरान पिकअप से बरामद की चरस, चालक गिरफ्तार
HNN/चंबा
जिला चंबा के प्रवेशद्वार तुनुहट्टी में पुलिस की टीम ने एक पिकअप जीप चालक को 414 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान केवल कुमार पुत्र फनी राम निवासी टिकरू डाकघर गोली तहसील डल्हौजी जिला चम्बा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम चैक पोस्ट तुनुहट्टी में वाहनों की रूटीन चैकिंग कर रही थी। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप जीप चालक सब्जी बेचने की आड़ में चरस को भी ठिकाने लगाने के लिए जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम चैक पोस्ट से कुछ दूरी पर स्थित शिव मंदिर मोड़ पर पहुंची और एक पिकअप को जांच के लिए रोका।
तलशी के दौरान सब्जी के क्रेट में 414 ग्राम चरस बरामद हुई। जिसके बाद उन्होंने उक्त पिकअप जीप चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया। डीएसपी डल्हौजी हेमंत ठाकुर द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।