रूटीन चैकिंग के दौरान बस में सवार युवक से बरामद हुई चरस की खेप, गिरफ्तार
HNN/चंबा
जिला चंबा के प्रवेश द्वार तुनुहट्टी में पुलिस ने एचआरटीसी की बस में सवार व्यक्ति को 510 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान चूहड़ू राम पुत्र भूमि चंद निवासी अड़ीनू डाकघर टिकरीगढ़ तहसील चुराह जिला चम्बा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम यातायात चैक पोस्ट तुनुहट्टी में वाहनों की रूटीन चैकिंग कर रही थी। इस दौरान चम्बा से बैजनाथ जा रही एचआरटीसी की बस को जांच के लिए रोका गया। पुलिस की टीम बस में सवार लोगों के सामान की जांच कर रही थी।
जांच के दौरान एक व्यक्ति के बैग से 510 ग्राम चरस बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस की टीम ने व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया। डीएसपी डल्हौजी हेमंत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।