रेणुकाजी बांध विस्थापितों ने ददाहू बाजार में मांगों को लेकर की नारेबाजी
HNN/ नाहन
श्री रेणुकाजी बांध विस्थापितों ने सोमवार को ददाहू बाजार में अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। दरअसल, बांध विस्थापित लंबे समय से जिला प्रशासन, सरकार और एचपीपीसीएल से अपनी मांगें उठाते आ रहे हैं। इसे लेकर श्री रेणुकाजी बांध विस्थापित संघर्ष समिति कई गांव में बैठकें कर चुकी है।
उपायुक्त सिरमौर से भी विस्थापितों का प्रतिनिधिमंडल मिल चुका है। इसी सिलसिले में सोमवार को समिति के अध्यक्ष विजय ठाकुर के नेतृत्व में विस्थापितों की ददाहू में बैठक हुई, जिसमें बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की मीटिंग जल्द बुलाने की मांग को प्रमुखता से रखा गया, ताकि विस्थापितों के अहम मुद्दों का फैसला हो सके।
इसके साथ साथ लैंड लेस और हाउस लेस की लिस्ट को जल्द से जल्द तैयार करने की मांग भी दोहराई गई, जिससे विस्थापित होने वाले लोगों को पता चल सके कि कौन-सा परिवार लैंड लेस श्रेणी में है और कौन-सा हाउस लेस में आ रहा है। समिति के अध्यक्ष विजय ठाकुर और प्रेस सचिव योगेश ठाकुर ने कहा कि यदि ये मांगें जल्द पूरी नहीं होती या इन पर कोई कार्रवाई या सुनवाई नहीं होती तो आगामी बैठक में आंदोलन का रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बांध डूब क्षेत्र में बने रज्जू मार्ग की हालत बेहद खस्ता हैं, उसको भी दुरुस्त करने की मांग रेणुकाजी बांध विस्थापित संघर्ष समिति ने उठाई, क्योंकि आजकल गिरि नदी में पानी काफी ज्यादा है। इससे लोगों को जान जोखिम में डालकर भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा जिन-जिन डूब क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने आईटीआई करनी है, उस पर भी चर्चा की गई। इस बैठक में समिति के संयोजक पूर्णचंद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन सिंह, महासचिव शुभम, कोषाध्यक्ष सुखचैन ठाकुर, उपाध्यक्ष कमल, लेखराम, रघुवीर, सीताराम, सुरेंद्र ठाकुर, राजकुमार और सोमदत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।