ऊना की सभी पंचायतों में 21 नवंबर को विशेष ग्राम सभा, तंबाकू मुक्त गांवों के लिए बनेगी कार्ययोजना
ऊना जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 21 नवंबर को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत विशेष ग्राम सभा आयोजित होगी। उपायुक्त जतिन लाल के आदेश के अनुसार, सभाओं में युवाओं को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने, इनकी बिक्री व इस्तेमाल रोकने तथा शेष राजस्व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए पंचायत स्तर की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
विशेष ग्राम सभाओं में तंबाकू, गुटखा, बीड़ी और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर चर्चा की जाएगी। पंचायतें इनके इस्तेमाल और बिक्री पर रोक लगाने के लिए स्थानीय स्तर पर कार्ययोजना तैयार करेंगी। इसके साथ ही पंचायतों के सभी राजस्व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें तंबाकू मुक्त गांव घोषित करने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
ग्राम सभाओं में शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध संबंधी नियमों की पालना सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी। ऊना जिले में अब तक 112 गांव तंबाकू मुक्त घोषित किए जा चुके हैं। इन विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से अभियान को गति देकर शेष गांवों को भी तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
उपायुक्त जतिन लाल ने खंड विकास अधिकारियों, पंचायत सचिवों और पंचायत प्रतिनिधियों को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पंचायत सचिवों को तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों के तहत किए गए चालान और कार्रवाई का विवरण ग्राम सभा में प्रस्तुत करना होगा। विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन और उनमें हुई कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट जिला पंचायत अधिकारी को भेजने के लिए भी कहा गया है।

