Loading...

ऊना में शिक्षण संस्थानों के 100 गज दायरे में तंबाकू बिक्री पर सख्ती, दुकानों को मिलेंगे नोटिस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Hours Ago • 1 Min Read

ऊना जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इस दायरे में तंबाकू बेचने वाली दुकानों को नोटिस जारी किए जाएंगे। जिला और ब्लॉक स्तर के फ्लाइंग स्क्वॉड विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

अभियान के तहत शनिवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। इनमें तंबाकू, गुटखा और बीड़ी के सेवन से होने वाले नुकसान, इन उत्पादों की बिक्री पर नियंत्रण और गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने के उपायों पर चर्चा हुई। ग्राम सभाओं में सभी राजस्व गांवों के लिए कार्ययोजना तैयार करने, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियमों का पालन सुनिश्चित करने और लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।

सूचना पट्ट लगाने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि अभियान के तहत जागरूकता के साथ नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जा रहा है। शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों के 100 गज के दायरे को तंबाकू मुक्त रखने तथा वहां सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पंचायतों से अपने सभी राजस्व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अभियान के तीसरे चरण में जिले के 112 गांव तंबाकू मुक्त घोषित हुए थे और ऊना ने प्रदेशभर में पहला स्थान प्राप्त किया था।

तंबाकू के स्वास्थ्य संबंधी खतरों पर किया जागरूक

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और सांस से संबंधित कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। युवाओं को इसकी लत से बचाने के लिए दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। जिला पंचायत अधिकारी श्रवण डोगरा ने बताया कि ग्राम सभाओं से पंचायत स्तर पर तंबाकू नियंत्रण नियमों के पालन की समीक्षा और जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। सभी पंचायतों ने अभियान को सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई है।

Related Topics: •