चौकीमन्यार कॉलेज की तानिया राज्य स्तरीय मतदाता जागरूकता प्रश्नोत्तरी के लिए चयनित
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा तानिया का राज्य स्तरीय मतदाता जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अभियान में तानिया ने संस्थान, विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर स्थान सुनिश्चित किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में आयोजित प्रश्नोत्तरी के संस्थान स्तरीय चरण में तानिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने विधानसभा क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिता में छठा स्थान हासिल किया। जिला स्तरीय मुकाबले में चौथे स्थान पर रहते हुए उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
तानिया के चयन पर महाविद्यालय के प्राचार्य, निर्वाचन साक्षरता क्लब की समन्वयक डॉ. सगुन डोगरा और प्राध्यापकों ने उन्हें बधाई दी तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती हैं। महाविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि तानिया राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

