रोहड़ू में इस दिन से शुरू होगा जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर…..
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग शिमला की ओर से जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर रोहहू स्थित इंडोर व आउटडोर स्टेडियम में 25 मार्च से 9 अप्रैल तक लगाया जा रहा है। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी शिमला राकेश धौटा ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग शिमला की ओर से एथेलैटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल व बॉक्सिंग का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर रोहहू स्थित इंडोर व आउटडोर स्टेडियम में लगाया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में शिमला जिले के 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के लगभग 95 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण शिविर में जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यालय शिमला के प्रशिक्षक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के लिए प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को खाने-पीने रहने और आने-जाने का किराया मिलेगा।
इसके साथ ही दैनिक भत्ता व ट्रेक सूट भी दिए जाएंगे। जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यालय शिमला खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए ब्लाॅक स्तर पर भी प्रशिक्षण शिविर लगाने की योजना बना रहा है।