Loading...

रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए हुआ बहाल, परमिट के लिए ऐसे करें आवेदन…..

Ankita 13 Jun 2023 Edited 13 Jun 1 min read

HNN/ कुल्लू

मैदानी इलाकों से पहाड़ों की खूबसूरत वादियों का दीदार करने के लिए पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। जिला कुल्लू प्रशासन ने पर्यटकों के लिए रोहतांग दर्रा बहाल कर दिया है। आज से ही पर्यटक खूबसूरत रोहतांग दर्रे का दीदार कर सकेंगे। हालांकि बर्फबारी अधिक होने की वजह से इस बार रोहतांग दर्रा 38 दिन की देरी से बहाल हुआ है।

बीते साल 5 मई को ही रोहतांग दर्रा खोल दिया गया था। इस बार आज 13 जून से पर्यटकों को भेजा जाएगा। पर्यटक रोहतांग में बर्फ का आनंद ले सकेंगे। 1200 पर्यटक वाहन ही रोज रोहतांग जा सकेंगे। दर्रा बहाल होने से पर्यटन नगरी में समर टूरिस्ट सीजन भी गति पकड़ेगा। रोहतांग के खुल जाने से पर्यटन कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।

एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा, डीएसपी केडी शर्मा ने रविवार को बीआरओ के अधिकारियों के साथ रोहतांग सड़क का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में हालात सामान्य पाए गए। इसके बाद उपायुक्त को रिपोर्ट भेज कर रोहतांग दर्रा खोलने की सिफारिश की गई। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बहाल करने की सोमवार देर शाम अधिसूचना जारी की।

करना होगा ऑनलाइन आवेदन
रोहतांग दर्रे का दीदार करने के लिए पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन परमिट लिया जा सकता है। यह परमिट https://rohtangpermits.nic.in/ वेबसाइट पर उपलब्ध है। परमिट लेने के लिए 550 शुल्क तय किया गया है। हर रोज 800 पेट्रोल और 400 डीजल गाड़ियां ही रोहतांग दर्रे में जा सकती हैं। यह नियम नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से बनाया गया है।